तीसा (चंबा)। नागरिक अस्पताल तीसा में मरीजों को अल्ट्रासाउंड सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। विभाग ने यहां रेडियोलॉजी की सुविधा सुचारु करवाने के लिए जिस डॉक्टर को फैलोशिप करवाई। उस डॉक्टर ने यहां सरकार के आदेशों के बाद भी ज्वाइन नहीं किया। इसके चलते लाखों रुपये की मशीन होने के बावजूद भी मरीजों के अल्ट्रासाउंड नहीं किए जा रहे हैं। इसकी वजह से 50 पंचायतों के मरीजों को जरूरत के समय अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए 60 किलोमीटर दूर चंबा की दौड़ लगानी पड़ रही है। इससे नजदीक कहीं पर भी अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं है।
स्वास्थ्य विभाग ने एक डॉक्टर को इस कंडीशन पर रेडियोलॉजी की पिछले साल फैलोशिप करवाई कि वह तीसा अस्पताल में ज्वाइन करके मरीजों के अल्ट्रासाउंड करेगा। शुरुआत में डॉक्टर ने हामी भी भर दी, लेकिन जब उसने फैलोशिप पूरी की तो ज्वाइन करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद उसका तबादला जिले से बाहर हो गया। ग्रामीण सोभिया राम, विजय कुमार, सुरेंद्र, मान सिंह, चमन कुमार, केवल, सुरेश, देसराज और जय किशन ने सरकार व प्रशासन से मांग की है कि तीसा में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती करके मरीजों के अल्ट्रासाउंड शुरू करवाए जाएं।
सरकार को रेडियोलॉजिस्ट की कमी के बारे में अवगत करवा दिया है। जल्द ही तैनाती होने की उम्मीद है।डॉ. बिपिन ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी