तीसा (चंबा)। चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर निर्माणाधीन चांजू पुल के पास दरकता पहाड़ हादसे को न्योता दे रहा है। लिहाजा लोक निर्माण विभाग ने किसी अनहोनी को रोकने के लिए दरकी पहाड़ी को गिराने का निर्णय किया है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए विभाग ने अपने स्तर पर एडवाइजरी जारी कर रात के समय आवाजाही करने की मनाही की है।
गौरतलब है कि चांजू नाले पर ग्रामीणों की मांग के अनुसार लोक निर्माण विभाग पुल का निर्माण करवा रहा है लेकिन भारी बारिश के कारण निर्माणाधीन पुल के पास पहाड़ दरकना चुनौती बन गया है। पहाड़ी का एक हिस्सा बार-बार दरक रहा है।
लिहाजा लोगों की सुरक्षा को देखते हुए विभाग ने दरके पहाड़ को गिराने का निर्णय किया है। इसी क्रम में वीरवार को विभागीय टीम ने दरके पहाड़ की रेकी कर वास्तु स्थिति का जायजा लिया। विभाग ने रात के समय लोगों को इस मार्ग से आवाजाही न करने का आह्वान किया है। यदि पहाड़ी दरकती है तो चांजू परिक्षेत्र का संपर्क चुराह उपमंडल के साथ पूरी तरह से कट सकता है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता शैलेश राणा ने बताया कि निर्माणाधीन पुल के साथ ही पहाड़ी दरक रही है। लोगों की सुरक्षा के लिए उन्हें रात में सफर करने की मनाही की गई है। बताया कि विभाग दरकी पहाड़ी को गिराने के लिए प्रयासरत है।