चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा के नए भवन सरोल में जल्द बिजली और पानी का कनेक्शन लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
यह निर्देश निदेशक स्वास्थ्य शिक्षा (डीएमई) डॉक्टर सीता ठाकुर ने औचक निरीक्षण करने के दौरान मेडिकल कॉलेज प्रबंधन और निर्माण करने वाली कंपनी को दिए। सरोल में मेडिकल कॉलेज का नया भवन लगभग तैयार हो चुका है। यहां मेडिकल कॉलेज के विभाग किसी भी समय शिफ्ट किए जा सकते हैं। बिजली-पानी का कनेक्शन नहीं होने से विभागों को शिफ्ट करने में देरी हो रही है। इसके चलते शुक्रवार को निदेशक स्वास्थ्य शिक्षा ने मेडिकल कॉलेज के सरोल में बनने वाले नए भवन का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉक्टर एसएस डोगरा, चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर बिपन ठाकुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। निदेशक स्वास्थ्य शिक्षा ने नए भवन निर्माण के कार्य का निरीक्षण करने के साथ कंपनी प्रबंधन को कार्य में तेजी लाने भी निर्देश दिए। मौजूदा समय में जिला अस्पताल में मेडिकल कॉलेज की सेवाएं चलाई जा रही हैं। इस कारण मरीजों से लेकर स्टाफ को भी कई प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में नए भवन में मेडिकल कॉलेज शिफ्ट होने से मरीजों से लेकर स्टाफ को बेहतर सेवाएं मिलेंगी।