शहर के पक्काटाला मोहल्ले में रिहायशी क्षेत्र की ओर मुड़ा नाले का तेज बहाव
पांच घरों में आईं दरारें, लोगों को डर- लगातार बारिश से जमींदोज हो सकते हैं घर
नगर परिषद ने किया निरीक्षण, बैठक में नाले के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव लाने की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। बरसात की पहली ही बारिश ने शहर के पक्काटाला मोहल्ले में रहने वाले पांच परिवारों की नींद उड़ा दी है। अस्पताल के नीचे से गुजरने वाले नाले का तेज बहाव रिहायशी क्षेत्र की ओर मुड़ने से पांच मकानों में दरारें आ गई हैं।
लगातार बारिश हुई तो ये मकान कभी भी जमींदोज हो सकते हैं। उनके कमरों तक पानी पहुंच चुका है। भय के साये में रह रहे परिवार बारिश के साथ किसी अनहोनी की आशंका से घिरे हुए हैं। चौगान वार्ड की पार्षद तन्वी गोस्वामी ने लोगों की शिकायत के बाद नगर परिषद की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल को मौके पर बुलाया। उनके साथ सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता ने भी प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मकानों में आई दरारों और नाले की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
पार्षद ने बताया कि अस्पताल के नीचे बने नाले से आने वाला बरसाती पानी सीधे पक्काटाला की ओर मुड़ रहा है। पानी के लगातार कटाव से मकानों की नींव कमजोर हो गई है। यदि जल्द सुरक्षा कार्य नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में बड़ा नुकसान हो सकता है। यदि बरसात का दौर तेज हुआ तो मकानों के गिरने का खतरा बढ़ जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर परिषद की आगामी हाउस बैठक में नाले के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव रखा जाएगा ताकि पानी की निकासी को सही दिशा दी जा सके और लोगों के घरों को सुरक्षित किया जा सके। वहीं, नगर परिषद की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने बताया कि मौके का निरीक्षण कर लिया गया है। बारिश के कारण मकानों को नुकसान पहुंचा है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए आगामी हाउस बैठक में प्रस्ताव पास किया जाएगा। जिसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू किया जाएगा।