डलहौजी सदर बाजार के लक्ष्मी नारायण मंदिर में सफाई करते स्थानीय लोग: संवाद
चंबा। अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर जिले के मंदिर फूल-मालाओं और रंग-बिरंगी इलेक्ट्रोनिक लाइटों से सज गए हैं।
मंदिरों-देवालयों में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन भी रविवार से शुरू हो जाएगा। शहर में विभिन्न जगह से रविवार सुबह प्रभात-फेरिया निकाली जाएंगी। यह मुख्य चौक पर आपस में मिलेंगी। बनगोटू स्थित रामसीता मंदिर, लक्ष्मीनाथ मंदिर, शीतला माता मंदिर, ऐतिहासिक भलेई माता मंदिर को इलेक्ट्रानिक्स लाइटों से सजाया गया है। भद्रकाली भलेई माता मंदिर के अध्यक्ष कमल कुमार ठाकुर ने बताया कि 22 जनवरी को रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में सुबह साढ़े दस बजे से लेकर 12:45 बजे तक भजन-कीर्तन का दौर रहेगा। सुबह मंदिर परिसर में 10:00 बजे कंजक पूजन का कार्यक्रम होगा। इसके अलावा सुबह 10:00 बजे से मंदिर परिसर में लंगर आरंभ करवा दिया जाएगा।