चंबा। जिला क्रिकेट संघ चंबा की ओर से रविवार से जिले के खिलाड़ियों को एचपीसीए में पंजीकृत करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। पंजीकरण करवाने के इच्छुक खिलाड़ी रविवार को पुलिस ग्राउंड बारगाह में अपना पंजीकरण करवा सकेंगे। इस दौरान नए खिलाड़ियों के पंजीकरण करवाने के साथ-साथ पुराने खिलाड़ियों के पंजीकरण का नवीनीकरण भी किया जाएगा।
यह जानकारी एचपीसीए के अपैक्स काउंसिल मेंबर और जिला क्रिकेट संघ चंबा के संयोजक मनुज शर्मा ने दी। बताया कि पंजीकरण करवाने वाले खिलाड़ियों को अपने साथ बोनाफाइड हिमाचली, 10वीं का प्रमाणपत्र, आधार कार्ड सहित दो पासपोर्ट साइज के फोटो साथ लाने होंगे। जिन खिलाड़ियों की आयु कम है उन्हें पंचायत, नगर परिषद, नगर पंचायत या सीएमओ कार्यालय से प्रमाणित जन्म तिथि प्रमाण पत्र लाना होगा। इस दौरान खिलाड़ियों को जो पंजीकरण नंबर मुहैया करवाया जाएगा, उस नाम से वह पंजीकृत हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले में खिलाड़ियों के पंजीकरण की प्रक्रिया रविवार से शुरू हो जाएगी। इसके बाद खिलाड़ी बारगाह में चल रहे एचपीसीए क्रिकेट सेंटर के कोच सुनील कुमार, एचपीसीए क्रिकेट सब सेंटर हरिपुर में कोच मिथुन ठाकुर के पास और बनीखेत में चल रहे एचपीसीए क्रिकेट सेंटर के कोच अंतरिक्ष के पास पंजीकरण करवा सकते हैं। मनुज शर्मा ने कहा कि एचपीसीए से पंजीकृत होने के बाद खिलाड़ियों के लिए एक नंबर जारी किया जाता है जो उनका अपना यूनीक नंबर होता है। कहा कि जिले में क्रिकेट के स्तर को बढ़ाने के लिए लगातार विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। जिले में चल रहे क्रिकेट सेंटर और सब सेंटर में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।