चंबा। भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से जिला स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस बार यह प्रतियोगिता 21 फरवरी को भटियात के होबार में करवाई जाएगी।
प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को सुबह 10 बजे होगा। इसमें कोई भी पंजीकृत या अपंजीकृत दल, संस्था, विद्यालय और कॉलेज भाग ले सकते हैं। इसके लिए दल को निर्धारित तिथि तक अपना पंजीकरण एवं नामांकन करवाना आवश्यक है। लोकनृत्य दलों में नृतकों की संख्या 15 से कम और 22 से अधिक होनी नहीं चाहिए। इनमें दल के गायक, वादक और नृतक सम्मलित होंगे। निर्णायक मंडल की ओर से लिया गया निर्णय ही मान्य होगा।
लोकनृत्य की अवधि 10 से 15 मिनट तक निर्धारित की गई है। जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में केवल पारंपरिक नृत्य, गीत और वादन ही प्रस्तुत किया जाएगा। संबंधित दल केवल अपने क्षेत्र में प्रचलित नृत्य, गीत और संगीत प्रस्तुत करेंगे। विभिन्न क्षेत्रों का मिला-जुला लोकनृत्य, गायक दल और वादक दल प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले दल पारंपरिक वाद्य यंत्रों का ही इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके अलावा नृतकों, गायकों और वादकों के परिधान और आभूषण भी परंपरागत होने चाहिए। प्रतिभागी दल या संस्था को विभागीय नियमों के मुताबिक मानदेय, यात्रा और दैनिक भत्ता देय होगा।