सिहुंता (चंबा)। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा 2025 में चंबा के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया। यह परीक्षा 7 नवंबर 2025 को पूरे भारत और हिमाचल प्रदेश में आयोजित की गई थी, जिसमें पांचवीं कक्षा से लेकर महाविद्यालय स्तर तक कुल 4,501 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
अब राज्य स्तरीय मेरिट सूची जारी की गई, जिसमें चंबा जिले की 600 छात्राओं ने अपनी-अपनी जगह बनाई। जिला संयोजक विक्रम सिंह ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय सिहुंता की बीए प्रथम वर्ष की छात्रा तनिष्का अवस्थी ने विषय संस्कृति दर्पण में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने यह परीक्षा लगातार 2023, 2024 और 2025 में कक्षा 11वीं, 12वीं और अब बीए प्रथम वर्ष में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी लगातार उत्कृष्टता साबित की।
इसी तरह, राजकीय वरिष्ठ विद्यालय समोट की छात्रा अंकिता कपूर ने इस वर्ष भी राज्य स्तर पर तीसरा स्थान बरकरार रखा, जबकि पिछले वर्ष 2024 में भी कक्षा 10वीं में तीसरा स्थान हासिल किया था। कक्षा 12वीं की छात्रा उर्मिला ठाकुर राजकीय विद्यालय नगाली तहसील डलहौजी से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
महाविद्यालय चुवाड़ी की छात्राएं कल्पना देवी, अंकिता और मुस्कान ने विषय संस्कृति भास्कर में क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल कर अपने महाविद्यालय और जिले का नाम रोशन किया। छात्राओं को अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के माध्यम से शीघ्र पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।