रोगी कल्याण समिति की बैठक में विधायक ने जानीं अस्पताल की समस्याएं
डॉक्टरों के तीन और नर्सिंग स्टाफ के दस पद खाली, व्यवस्था हो रही प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
डलहौजी (चंबा)। नागरिक अस्पताल में स्टाफ की कमी और ऑक्सीजन प्लांट की मरम्मत का मुद्दा रोगी कल्याण समिति की बैठक में चर्चा का विषय बना। इसके समाधान के लिए सरकार से मांग करने का निर्णय लिया गया।
वीरवार को रोगी कल्याण समिति की गवर्निंग बॉडी की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता विधायक डीएस ठाकुर ने की। एसडीएम एवं रोगी कल्याण समिति के चेयरमैन अनिल भारद्वाज विशेष रूप से मौजूद रहे। सदस्य सचिव एसएमओ डॉक्टर सीमा अत्री ने बैठक का संचालन किया।
विधायक ने कहा कि अस्पताल में चल रही स्टाफ की कमी, ऑक्सीजन प्लांट की रिपेयर, सेंट्रल हीटिंग सिस्टम को सुचारू करने सहित अन्य मांगों को सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। एसडीएम ने कहा कि मरीजो को कोई परेशानी न हो इसके लिए प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है। एसएमओ डॉ. सीमा अत्री ने बताया कि अस्पताल में डॉक्टर के तीन पद और नर्सिंग स्टाफ के दस पद खाली हैं। ऑक्सीजन प्लांट भी पिछले साल मई माह से खराब पड़ा है। इसकी मरम्मत पर लगभग 12 लाख रुपये खर्च होंगे। सेंट्रल हीटिंग सिस्टम को भी सुचारू करने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि अभी रोगी कल्याण समिति के पास लगभग 8 लाख 72 हजार रुपये की धनराशि है। बताया कि अस्पताल में जल्द डायलिसिस और अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू होगी। प्रस्तावित कार्यों में भवनों की छतों की रिपेयर, नया फर्नीचर, एबीजी मशीन, टीबी के मरीजों के लिए सी बी नोट मशीन सहित अन्य कई कार्यों के लिए विमर्श किया गया।