चंबा। जिले के दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं ने आगामी पंचायती राज चुनाव में घर से मतदान करने की सुविधा की मांग की है। इन मतदाताओं का कहना है कि लोकसभा चुनाव की तर्ज पर ही उन्हें भी घर से मतदान करने का अधिकार मिलना चाहिए, जिससे वे अपने मताधिकार का सही तरीके से प्रयोग कर सकें।
दिव्यांग जन सुरेंद्र कुमार, प्रकाश चंद, अशोक कुमार, राजीव कुमार, अमित कुमार और लोकेंद्र कुमार का कहना है कि पंचायती राज चुनाव में दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए विशेष प्रबंध किए जाने चाहिए। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया है कि वे फॉर्म 12D के माध्यम से दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं की पहचान करें और उन्हें घर से मतदान की सुविधा प्रदान करें।
चुनाव आयोग पहले ही यह स्पष्ट कर चुका है कि 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता और 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले मतदाता घर से मतदान कर सकते हैं। ऐसे में जिला निर्वाचन अधिकारी को पंचायत चुनाव में इस सुविधा को सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने चाहिए।
दिव्यांगजनों और बुजुर्गों का कहना है कि यदि यह व्यवस्था लागू की जाती है, तो वे अपनी सुविधा के अनुसार मतदान कर पाएंगे और लोकतंत्र में उनकी भागीदारी बढ़ेगी।