चंबा। शहर को साफ-सुथरा रखने के दावे कसाकड़ा वार्ड में हवा हो रहे हैं। वार्ड के बनीं नालियां कूड़े से अटी पड़ी हैं।
बारिश होने पर नालियों की गंदगी स्थानीय बाजार की दुकानों में घुस रही है। बीते दिनों हुई बारिश के दौरान भी ऐसा ही देखने को मिला। यह वार्ड रावी नदी के साथ है। ऐसे में नालियों में बहने वाली गंदगी रावी नदी में मिल रही है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बार-बार कहने के बावजूद इस मामले को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों की सुविधा के लिए बने सीढि़यों वाले शॉर्टकट मार्ग पर हालात बेहद खराब हैं। यहां नियमित सफाई नहीं हो रही है। इस मार्ग पर जगह-जगह कूड़ा बिखरा है। नगर परिषद के तमाम प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। लोगों ने बताया कि नियमित तौर पर नालियों और सीढि़यों की सफाई से शहर का यह वार्ड साफ-सुथरा हो सकता है।
वार्ड की नालियों में कूड़ा फेंका जा रहा है। इस कारण नालियां ब्लॉक हो रही हैं। बारिश होने पर ब्लॉक पड़ी नालियों का पानी दुकानों में घुस रहा है।
- धीरज कुमार
वार्ड के साथ ही रावी नदी बहती है। कूड़े रावी में मिलने से नदी दूषित हो रही है। इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
- महिंद्र सिंह
कैफे रोड से कसाकड़ा तक सीढि़यों में गंदगी बिखरी रहती है। आस-पास कूड़े के ढेर लगते रहते हैं। इससे यहां गदंगी का आलम है।
- आनंद कुमार
तत्वाणी के मार्ग पर गंदगी बिखरी रहती है। नगर परिषद बेहतर सफाई व्यवस्था के दावे करती है, मगल वार्ड में हालात बेहद खराब हैं।
देव राज, कसाकड़ा निवासी।
नगर परिषद चंबा के कार्यकारी अधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि यह मामला ध्यान में है। संबंधित ठेकेदार को उचित दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, जिससे वार्ड साफ-सुथरा बना रहे।
सफाई ठेकेदार सुबोध पाठक ने कहा कि लोग सहयोग नहीं कर रहे हैं। वार्ड को साफ-सुथरा रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। लोग डोर-टू-डोर योजना के तहत सहयोग करें।