चंबा। नगर परिषद चंबा के हर वार्ड में अब पार्किंग बनाई जाएंगी। नगर परिषद ने शहरवासियों को यह सुविधा देने की तैयारी कर ली है।
वार्ड पार्षदों को जमीन चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं। जमीन चिह्नित होने के बाद हाउस की बैठक में अंतिम मुहर लगेगी और बजट का प्रावधान किया जाएगा। नगर परिषद चंबा की इस पहल का मकसद शहर के लोगों को पार्किंग की सुविधा देना है। नगर परिषद यह बाद में तय करेगी कि पार्किंग को निशुल्क रखा जाए और फिर शुल्क निर्धारित किए जाए। फिलहाल, पार्किंग के निर्माण को लेकर नगर परिषद ने कवायद शुरू कर दी है।
शहर के वार्ड जनसाली, सुल्तानपुर और धड़ोग में पार्किंग के लिए जगह चिह्नित हो गई है। शेष आठ वार्डों में जगह चिह्नित की जा रही है। सभी वार्डों में पार्किंग के लिए जगह मिलने के बाद लोगों को वाहन पार्क करने के लिए दिक्कतें पेश नहीं आएंगी।
गौरतलब है कि शहर के वार्डों में पार्किंग का अभाव है। ऐसे में वाहन सड़क किनारे खड़ा किए जा रहे हैं। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शहरवासियों में अजय कुमार, शम्मी कुमार, अमित कुमार और विवेक कुमार ने कहा कि उन्होंने चौपहिया वाहन तो ले रखे हैं, मगर उन्हें वाहन सड़क किनारे खड़ा करने पड़ते हैं। कई बार गाड़ियाें के चोरी की वारदातें हो जाती हैं। बताया कि नगर परिषद के पार्किंग के निर्माण शुरू किए प्रयास सराहनीय हैं। इससे वाहन मालिकों को काफी राहत मिलेगी। उनके वाहन सुरक्षित पार्किंग होंगे।
इन वार्डों में किया जा रहा जमीन का चयन
जुलाहकड़ी, हरदासपुरा, चौगान वार्ड, हटनाला, सुराड़ा, सपड़ी, कसाकड़ा और जुलाहकड़ी में जमीन चिह्नित की जा रही है। वार्ड पार्षद यह ध्यान में रख रहे हैं कि कम से कम तीस से पचास गाड़ियां पार्क हो सकें।
नगर परिषद की अध्यक्ष नीलम नैय्यर ने कहा कि हर वार्ड में नई पार्किंग बनाई जाएगी। इसके लिए पार्षदों को जगह चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं। पार्किंग बनने से शहरवासियों को काफी सुविधा मिलेगी।