सरोल (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कियाणी में चल रही जिला स्तरीय अंडर-19 छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता में मंगलवार को विभिन्न मुकाबले करवाए गए। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन करते हुए जीत के लिए दमखम दिखाया। खो-खो के मुकाबलों में धुलाड़ा की टीम ने सामरा को हराया, जबकि दूसरे मैच में कोलका ने चनेड़ को शिकस्त दी। कबड्डी के पहले मुकाबले में बाट ने सामरा को पराजित किया। वहीं, दूसरे मैच में गागला की टीम ने कोहलड़ी को हराकर अगले दौर में जगह बनाई। बैडमिंटन के मुकाबलों में रंडोह ने करियां को हराया। दूसरे मैच में चंबा ने बकाणी को शिकस्त दी। तीसरे मुकाबले में ओड़ा ने मंगला को पराजित किया, जबकि चौथे मैच में कोहलड़ी ने रजेरा को हराया। इसके अलावा दयानंद पब्लिक स्कूल मठ की टीम ने परिहार को हराकर जीत दर्ज की। सहायक उच्च शारीरिक शिक्षा अधिकारी योगेश चौणा ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों की टीमें उत्साह के साथ भाग ले रही हैं। खिलाड़ियों के बीच मुकाबलों में कड़ा संघर्ष देखने को मिल रहा है। करीब 350 खिलाड़ी अपना दमखम दिखा रहे हैं। बुधवार को खेलकूद प्रतियोगिता का समापन समारोह होगा। साथ ही विजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।