भरमौर में श्रद्धालु धरना-प्रदर्शन करते हुए। संवाद
चंबा। भरमौर में फंसे श्रद्धालुओं का वीरवार रात को उस समय गुस्सा फूट पड़ा, जब रात को न तो बिजली की व्यवस्था मिली और न ही उनके रहने व खाने की उचित प्रबंध हुए। श्रद्धालुओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। फंसे श्रद्धालु यही नारे लगाने लगे कि हमें भी घर जाना है। माहौल को बिगड़ता देख पुलिस के अधिकारी वहां पहुंचे और उन्होंने श्रद्धालुओं को शांत करवाया। रात को श्रद्धालुओं के पीने के लिए पानी की व्यवस्था एक टैंकर से की गई। पानी का टैंकर बीच सड़क में खड़ा कर दिया। जहां पर मोबाइल की टॉर्च लगाकर श्रद्धालु बारी-बारी पानी पीते हुए नजर आए। लाइट की वहां पर कोई भी व्यवस्था नहीं थी। इसको लेकर श्रद्धालुओं में काफी गुस्सा भी देखने को मिला।