धुलाड़ा स्कूल में एसडीएम के औचक निरीक्षण ने खोली व्यवस्था की पोल, कुछ स्टाफ भी नदारद
टूटे फर्नीचर और अव्यवस्था पर एसडीएम ने मांगी रिपोर्ट, सुधार के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुलाड़ा में विद्यार्थियों की पढ़ाई और स्कूल की व्यवस्थाओं के बीच अजीब तस्वीर सामने आई।
एसडीएम चिराग शर्मा के औचक निरीक्षण में कुछ बच्चे कक्षाओं में जमीन पर बैठकर पढ़ते मिले, जबकि स्कूल परिसर में कई डेस्क-बेंच और अन्य सामान टूटे-फूटे हालत में एक कोने में पड़ा था।
पर्याप्त उपयोगी फर्नीचर नहीं होने के कारण बच्चों को जमीन पर बैठना पड़ रहा था। निरीक्षण के दौरान कुछ शिक्षक और कर्मचारी भी बिना पूर्व सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। इससे कुछ कक्षाओं में पढ़ाई प्रभावित होने की स्थिति सामने आई। एसडीएम ने स्कूल प्रभारी से अनुपस्थित स्टाफ की जानकारी ली और विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया।
एसडीएम ने स्कूल प्रबंधन को बैठने की उचित व्यवस्था, आवश्यक सुविधाएं और बेहतर शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण में सामने आई कमियों की जांच कर आवश्यक सुधार करवाया जाएगा।
एसडीएम चिराग शर्मा ने बताया कि बच्चे जमीन पर बैठे मिले, सामान अव्यवस्थित था और कुछ कर्मचारी नदारद पाए गए। कमियों की विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।