चंबा। बीपीएल में चयन प्रक्रिया को लेकर प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति के सदस्य जय सिंह और अन्य लोगों ने सवाल उठाएं हैं। सोमवार को इन लोगों ने उपायुक्त कार्यालय गेट के पास गांधी स्मारक परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान जय सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने गरीब लोगों को बीपीएल सूची से बाहर करने का गलत निर्णय लिया है। प्रदेश में लाखों बीपीएल परिवारों का गला घोंटने का काम कांग्रेस सरकार द्वारा सुनियोजित तरीके से किया जा रहा है। गरीबों का हक छीना जा रहा है। यह कोई सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं बल्कि गरीबों को योजनाओं से बाहर करने की साजिश है, जो पांच सदस्यों की कमेटी बनाई गई है वह भी पक्षपात करके काम कर रही है। इस पूरी चयन प्रक्रिया में पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधियों-वार्ड पंच, प्रधान, उप-प्रधान, बीडीसी सदस्य, जिला परिषद सदस्य-किसी को भी विश्वास में नहीं लिया गया। इन आदेशों को वापस नहीं लिया गया तो सरकार को आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।