चंबा। राजपूत कल्याण सभा चंबा की मासिक बैठक शनिवार को रावी व्यू कैफे में जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह सांबयाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सभा के वरिष्ठ पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान यूजीसी के नियमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
सभा पदाधिकारियों ने कहा कि यूजीसी एक्ट सामान्य वर्ग के हितों के लिए घातक है और इससे विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो सकता है। उन्होंने सरकार से उक्त नियम को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांग पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो सभा जिला और उपमंडल स्तर पर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति समाज और सरकार, दोनों के लिए सुखद नहीं होगी।
बैठक में महाराणा प्रताप भवन के निर्माण को लेकर भी चर्चा हुई। सभा ने निर्णय लिया कि राधाष्टमी के अवसर पर भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन किया जाएगा। सभा ने सभी सदस्यों से कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया। बैठक में भूपिंदर जसरोटिया, पृथ्वी सिंह राणा, कुलदीप कुड़ियाल, नागेश्वर ठाकुर, ओमकार सिंह, संजय ठाकुर और मंजीत जसरोटिया सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे। संवाद