तेलका (चंबा)। राजकीय महाविद्यालय तेलका के छात्र-छात्राओं ने सरकार से कॉलेज में कॉमर्स संकाय पुनः शुरू करने और इतिहास व हिंदी विषय के रिक्त प्राध्यापक पद शीघ्र भरने की मांग की है।
विद्यार्थियों ने नायब तहसीलदार के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भी भेजा। विद्यार्थियों ने कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 के लिए जारी अधिसूचना के बाद राजकीय महाविद्यालय तेलका में कॉमर्स विषय में नए प्रवेश बंद कर दिए हैं। प्रदेश के कई अन्य महाविद्यालयों में कॉमर्स संकाय में प्रवेश दोबारा शुरू हो चुके हैं।
विद्यार्थियों ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय तेलका की स्थापना वर्ष 2017 में तत्कालीन मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह ने दूरदराज और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से की थी। महाविद्यालय में शुरुआत से ही आर्ट्स और कॉमर्स दोनों संकायों में प्रवेश की सुविधा उपलब्ध थी। राधिका, प्रिया, अनु, इशिता, सत्यम, अनुराग, ज्योति, प्रिया कपूर, सपना, पल्लवी, चांदनी और कविता ने कहा कि कॉमर्स संकाय बंद होने से उन्हें पढ़ाई के लिए सलूणी या चंबा जाना पड़ रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह अतिरिक्त खर्च उठाना कठिन है। संवाद