चंबा। राजकीय प्राथमिक पाठशाला लदवाह में 32 विद्यार्थियों को एकमात्र अध्यापक पढ़ा रहा है। काफी समय से लदवाह स्कूल में जेबीटी अध्यापक का एक पद रिक्त है। अभिभावकोंं की मानें तो खाली पदों को भरने के लिए सरकार ने कोई उचित कदम नहीं उठाए हैं। इससे अभिभावकों को अपने बच्चों के भविष्य की चिंता सताने लगी है। बुधवार को गांव हलेला, रोलका और लदवाह के प्रतिनिधिमंडल ने जेबीटी अध्यापक का पद भरने के लिए उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय के 32 विद्यार्थियों की पढ़ाई का जिम्मा और स्कूल के अन्य कार्य का जिम्मा भी स्कूल में तैनात एकमात्र अध्यापक के कंधों पर है। अध्यापक को पढ़ाने के अलावा स्कूल का अन्य कार्य भी देखना पड़ता है। अभिभावकों विजय कुमार, कुलदीप कुमार, अशोक कुमार, चैंचल कुमार, अबनेश कुमार, अमित कुमार, ममता देवी, शारदा देवी, रेखा देवी, शीला देवी, कुमारी आरती ने बताया कि काफी समय से स्कूल में एक जेबीटी अध्यापक का पद खाली है। इसके चलते बच्चों की पढ़ाई और स्कूल के अन्य कार्यों की जिम्मेदारी एक अध्यापक के कंधों पर पड़ गई है। अभिभावकों ने कई बार खाली पद को भरने के लिए प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग से गुहार लगाई है। बावजूद इसके समस्या का कोई हल नहीं हो पाया है। अभिभावकों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंप कर विभाग से शिक्षक के खाली पद को भरने की मांग उठाई है।