चंबा। चंबा से पांगी घाटी के लिए हवाई उड़ानें कम होने केे कारण पांगीवासी काफी हताश हैं। उपायुक्त कार्यालय में पांगी के लिए होने वाली हवाई उड़ान के लिए काफी आवेदन आ चुके हैं लेकिन अभी तक पांगी घाटी के लिए एक ही उड़ान हो पाई है। इस बात को लेकर पांगी वासियों में काफी रोष है।
पांगी वासी पीएल ठाकुर, राम ठाकुर, चरण दास, राम चंद, मनीष कुमार, मान सिंह, राज कुमार, प्रताप चंद और केहर सिंह ने बताया कि बर्फबारी के बाद पांगी घाटी अन्य क्षेत्रों से कट जाता है। ऐसे में पांगी वासियों को चंबा आने जाने के लिए केवल हवाई उड़ान पर ही निर्भर रहना पड़ता है। ऐसे में पांगी के लिए हवाई उड़ाने नहीं होने के कारण पांगी वासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पांगी घाटी में कई बीमार लोग हैं जिन्हें अपने इलाज के लिए चंबा अस्पताल में पहुंचना है लेकिन चंबा से पांगी के लिए हवाई उड़ान नहीं होने के कारण पांगी वासी चंबा नहीं पहुंच पा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि चंबा से पांगी घाटी के लिए ज्यादा हवाई उड़ाने करवाई जाएं ताकि पांगी घाटी के लोगों को किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़े।