सनातन धर्म सभा ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र, जांच के लिए मरीजों को टांडा और शिमला जाना पड़ रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा में आंखों के रेटिना संबंधी रोगों की जांच के लिए ओसीटी (ऑप्टिकल कोहेरेंस टोमोग्राफी) मशीन स्थापित करने की मांग उठी है।
सनातन धर्म सभा चंबा ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को पत्र भेजकर मशीन के लिए स्वीकृति और बजट उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है। यह पत्र सदर विधायक नीरज नैय्यर के माध्यम से भेजा गया है।
सभा के प्रधान सुरेश कश्मीरी ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में ओसीटी मशीन न होने से रेटिना संबंधी बीमारियों के मरीजों को जांच के लिए टांडा, शिमला या निजी जांच केंद्रों का रुख करना पड़ता है। इससे उन्हें लंबा सफर तय करने के साथ आर्थिक परेशानी भी झेलनी पड़ती है। निजी केंद्रों में जांच पर हजारों रुपये खर्च होते हैं, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अतिरिक्त बोझ है।
उन्होंने कहा कि करीब छह लाख की आबादी वाले चंबा जिले के लिए मेडिकल कॉलेज प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान है। यहां आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध होने से मरीजों को समय पर बीमारी का पता लगाने और उपचार शुरू करवाने में मदद मिलेगी। सदर के विधायक नीरज नैय्यर ने बताया कि वह ओसीटी मशीन स्थापित करने का मुद्दा मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाएंगे।