भरमौर (चंबा)। मणिमहेश यात्रा के सफल समापन के बाद प्रशासन ने अगले साल की यात्रा की तैयारियों का खाका तैयार करना शुरू कर दिया है।
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में यात्रा के दौरान की गई व्यवस्थाओं, विभागों के योगदान और उपलब्धियों की समीक्षा के साथ 2027 की यात्रा के प्रस्तावित मास्टर प्लान पर चर्चा की गई।
मास्टर प्लान में श्रद्धालुओं की सुविधा, यात्रा मार्ग, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य, संचार, स्वच्छता और बचाव एवं आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं को और मजबूत करने के प्रस्ताव शामिल किए गए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि इस साल यात्रा के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव ने एडीएम भरमौर विकास शर्मा के प्रयासों की सराहना की है।
यात्रा व्यवस्थाओं की निगरानी, विभागों के बीच समन्वय, यात्रा मार्ग व प्रमुख स्थलों के निरीक्षण और जरूरत के अनुसार त्वरित कार्रवाई के लिए उनके प्रयासों को सराहा गया।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पर्वतारोहण एवं बचाव दलों की कठिन परिस्थितियों में दी गई सेवाओं की भी सराहना की गई।