चंबा। चंबा बस स्टैंड पर हर दिन शाम के समय बसों के देर से रवाना होने के कारण विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दूर-दराज के गांवों से आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं के लिए यह एक गंभीर समस्या बन गई है। विद्यार्थियों का कहना है कि वे रोजाना स्कूल या कॉलेज की छुट्टी के बाद बस स्टैंड पर समय से पहुंचते हैं, लेकिन बसें अकसर तय समय से देर से चलती हैं।
सर्दियों के मौसम में जल्दी अंधेरा हो जाने के कारण विद्यार्थियों को देर शाम अंधेरे में घर लौटना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। विद्यार्थी किरण, आंचल कुमारी, दीपिका ठाकुर, रचना शर्मा, विवेक कुमार, सागर और अनिलक ने बताया कि जब वे देरी का कारण पूछते हैं तो परिवहन निगम के कर्मचारियों से तीखी बहस हो जाती है। कई छात्राओं ने इस समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि देरी से बसें चलने के कारण उन्हें रास्ते में डर और असुविधा का सामना करना पड़ता है।
विद्यार्थियों ने परिवहन निगम और प्रशासन से मांग की है कि बसों को समय पर रवाना किया जाए और यदि किसी कारणवश देरी हो रही हो तो उसकी जानकारी पहले से दी जाए, ताकि छात्र वैकल्पिक उपाय कर सकें। उधर, एचआरटीसी के डीडीएम शूगल सिंह ने बताया कि बसों की मरम्मत करते वक्त समय लग जाता है, जिसके कारण बसें देरी से चलती हैं, ताकि रास्ते में बस खराब होने से सवारियों को दिक्कतें न हो।