सीवरेज, पानी, बिजली और छत की समस्या दूर होने के बाद सिविल अस्पताल तीसा में शुरू हुई मरीजों की शिफ्टिंग
शनिवार को शुरू हुआ सुधार कार्य, सोमवार को अग्निशमन और पुलिस टीम ने भी व्यवस्थाओं का लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
चुराह (चंबा)। सिविल अस्पताल तीसा के नए भवन में सोमवार को मरीजों को शिफ्ट कर दिया गया। भवन में सीवरेज, पानी, बिजली और छत टपकने जैसी खामियां सामने आने के बाद शनिवार से व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का काम शुरू किया गया था। सोमवार तक समस्याओं को दूर करने के बाद मरीजों को नए भवन में पहुंचाया गया।
भाजपा विधायक डॉ. हंस राज और कार्यकर्ताओं ने शनिवार को अस्पताल भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को सुधारने का काम शुरू करवाया था। भाजपा नेताओं के अनुसार संबंधित विभाग और सरकार की ओर से समस्याओं का समाधान नहीं होने पर उन्होंने अपने स्तर पर पहल की।
सोमवार को अग्निशमन विभाग की गाड़ी भी अस्पताल परिसर में पहुंची और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने अस्पताल के बाहर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। अस्पताल के समीप वाहनों की पार्किंग नहीं करने के निर्देश दिए गए, ताकि मरीजों और तीमारदारों की आवाजाही सुचारु रहे और आपात स्थिति में वाहनों को निकलने में परेशानी न हो।
इस दौरान भंजराड़ू भाजपा मंडल अध्यक्ष अमर सिंह, बैरा मंडल अध्यक्ष परस राम, पूर्व जिला परिषद सदस्य तेज सिंह वर्मा, वीरेंद्र ठाकुर और विजय कुमार मौजूद रहे। विधायक डॉ. हंस राज ने कहा कि अस्पताल भवन की समस्याओं को दूर करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं, ताकि मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उधर, बीएमओ तीसा डॉ. ऋषि पुरी ने बताया कि मरीजों को नए भवन में शिफ्ट कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भवन में सामने आई सभी खामियां दुरुस्त कर दी गई हैं।