चंबा। मोबाइल फोन की घंटी से जंगल में बुजुर्ग का शव ढूंढने में मदद मिली है। जंगल में तलाश कर परिजन और ग्रामीण थक गए तो एक ढांक के पास खड़े होकर बुजुर्ग के बेटे ने पिता के नंबर पर फोन किया। फोन की घंटी की आवाज ढांक में सुनाई देने लगी।
ग्रामीण ढांक में टॉर्च की लौ के सहारे उतरे तो वहां बुजुर्ग को मृत पाया। मृतक की पहचान फजल मोहम्मद (73) पुत्र रहीम निवासी गांव करमूंड डाकघर टिकरीगढ़ के रूप में हुई है। वह बुधवार शाम को अपने बेटे से जंगल से मवेशियों के लिए चारा लाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन रात होने तक जब घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता सताने लगी। आशंका जताई जा रही है कि चारा काटते समय पेड़ से गिरने के कारण फजल मोहम्मद की मौत हुई है।
बेटे ने मोबाइल नंबर पर फोन किया तो किसी ने भी उसका फोन नहीं उठाया। परिजनों ने पंचायत प्रधान को सूचना दी। पंचायत प्रधान ने ग्रामीणों को साथ लेकर बुजुर्ग की तलाश करने की सलाह दी। स्वयं भी साथ आने की बात कही। इसके बाद परिजन ग्रामीणों को साथ लेकर फजल की तलाश में जुट गए। रात 12:00 बजे तक जंगल में तलाश करने पर कोई सुराग नहीं लगा तो एक ग्रामीण ने उसके बेटे को मोबाइल नंबर पर फोन करने की बात कही। जिस ढांक के पास खड़े होकर वह फोन कर रहे थे, उसके साथ ही अंधेरे में फोन की घंटी सुनाई देने लगी। इसी मोबाइल की आवाज को सुनकर परिजन और ग्रामीण उस तक पहुंचे, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। वीरवार सुबह पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।