भरमौर/चंबा। भरमौर के लाहल बाजार में आग की भेंट चढ़े दो मंजिला मकान में धुएं से दम घुटने के कारण मरने वाले व्यक्ति का शव पोस्टमार्टम के बाद श्रमिकों को सौंपा गया।
प्रशासन ने श्रमिकों के ठेकेदार के लिखित रूप से देने पर 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भरमौर के लाहल बाजार में बुधवार देर शाम को दोमंजिला स्लेटपोश मकान में आग लग गई थी। इसमें जम्मू-कश्मीर के आठ मजदूर रहते थे। घर में आग लगते ही सात मजदूर तुरंत बाहर निकल गए, लेकिन एक मजदूर धुएं में दम घुटने के कारण बाहर नहीं निकल पाया। इसे बाहर खींचने के चक्कर में दूसरा श्रमिक भी झुलस गया।
मृतक की पहचान नजीर मुहम्मद खान पुत्र गुलाम नवी खान (28) निवासी गांव ककोरसा डाकघर चारगाव तहसील तारकपुर जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। अग्निकांड में दो भाइयों पुरुषोत्तम कुमार पुत्र देविया राम और उत्तम चंद पुत्र देविया राम का घर जल गया है। मकान मालिक परिवार सहित कांगड़ा जिले में गया है। सड़क किनारे बने इस मकान को लगी आग बुझाने में स्थानीय लोग व अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां जुटी रहीं।
तहसीलदार भरमौर तेज राम ने बताया कि मृतक श्रमिक का शव पोस्टमार्टम के बाद अन्य श्रमिकों को सौंप दिया गया है। प्रशासन की ओर से 25 हजार रुपये की सहायता राशि भी दी गई है।