प्रथम दृष्टया से माैत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार चंबा के चाैगान में रामलीला के मंच पर जब राजा दशरथ बने कलाकार शिव महाजन ने साथी कलाकार के कंधे पर सिर टिकाया तो कुछ क्षणों तक दर्शकों और कलाकारों को लगा कि यह अभिनय का हिस्सा है, लेकिन जब कोई हरकत न हुई तो साथ मंचन कर रहे ऋषि की भूमिका वाले कलाकार ने उन्हें उठाने का प्रयास किया। आवाज देने पर अन्य कलाकार तुरंत मंच पर पहुंचे और शिव को संभालते हुए निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज ले गए।
यह था आखिरी संवाद
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भर्ती कर लिया। कुछ देर बाद उनका निधन हो गया। दशरथ की भूमिका निभाने वाले कलाकार की मौत पर रामलीला का माहौल गमगीन हो गया। इसके चलते दूसरे नवरात्र पर होने वाला मंचन अब बुधवार के लिए स्थगित कर दिया है। रामलीला मंचन के दाैरान राजा दशरथ बने शिव महाजन ने ऋषि विश्वामित्र से कहा कि आप ज्ञानी ऋषि हैं। आप ज्यादा से ज्यादा मेरा राज्य मांग सकते हैं या मेरे प्राणों को मांग सकते हैं। आप जैसे महर्षि के लिए मैं हंसते-हंसते अपने प्राण भी न्योछावर कर सकता हूं। यह कहते ही दशरथ का अभिनय कर रहे शिव महाजन ने दरबार में ऋषि के कंधे पर अपना सिर रख दिया।