चंबा में चुराह के डौंरी गांव में दीये की रोशनी में पढ़ाई करते नौनिहाल।
तीसा (चंबा)। चुराह विधानसभा क्षेत्र की डौंरी पंचायत के डौंरी गांव में पांच दिन से ब्लैकआउट है। नौवीं से ग्यारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को अपनी वार्षिक परीक्षा की तैयारी रात को दीया जलाकर करनी पड़ रही है। गांव में बिजली की आपूर्ति पांच दिन से बंद पड़ी है जिसकी वजह से विद्यार्थी परेशान हैं। वार्षिक परीक्षा के दौरान विद्यार्थी अक्सर अपनी पढ़ाई रात को करते हैं क्योंकि दिन का समय उनका स्कूल में आने-जाने में ही निकल जाता है। ऐसे में रात को भी उन्हें पढ़ाई करने के लिए मुसीबत झेलनी पड़ रही है। गांव में ट्रांसफार्मर खराब हो चुका है। इसके बारे में ग्रामीणों ने पांच दिन पहले बोर्ड को अवगत करवा दिया था लेकिन अभी तक बोर्ड की तरफ से खराब ट्रांसफार्मर को दुरुस्त नहीं करवाया जा सका है। इसको लेकर ग्रामीणों में बोर्ड के प्रति रोष है।
ग्रामीणों जयदियाल, देवी राम, ललित कमल, होशियार सिंह, गुरचरन सिंह, युगल किशोर, प्रेम सिंह, धर्मद्र, सुरेंद्र, गोविंद सिहं और वरुण ने बताया कि बोर्ड की परीक्षा में यदि विद्यार्थियों को रात में पढ़ने के लिए बिजली की रोशनी उपलब्ध नहीं हुई तो इसका असर विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षा परिणाम पर भी पड़ सकता है। इतना ही नहीं ग्रामीण रात को ठंड से बचने के लिए घरों में रखे हीटरों का भी इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। बिजली उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं। मोबाइल की बैटरी रिचार्ज करने के लिए ग्रामीणों को दूसरे गांव जाना पड़ रहा है। उन्होंने बोर्ड से समस्या का समाधान करने की मांग की है। बोर्ड के अधिशासी अभियंता परवेश ठाकुर ने बताया कि जल्द गांव में बंद पड़ी बिजली आपूर्ति को बहाल करवा दिया जाएगा।