चंबा। राजनौण के पास सदियों पुराना पीपल का पेड़ हादसे को न्योता दे रहा है। यहां से लोग सूही माता मंदिर के लिए जाते हैं तो वहीं, साथ ही एक प्राकृतिक जल स्रोत भी है। यहां पर शहर के लोग पानी भरने के लिए एकत्रित होते हैं। यह बात चंबा वेलफेयर एसोसिएशन की इरावती होटल में हुई बैठक के दौरान कही गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान ओमप्रकाश गोस्वामी ने की। उन्होंने कहा कि पीपल का पेड़ पूरी तरह से सूख चुका है। तेज हवा में पेड़ हिलने लगता है और टहनियां सड़क पर गिरती रहती हैं। ऐसे में कभी भी राहगीर इस पेड़ की चपेट में आ सकते हैं। वहीं, लोगों के मकानों को भी इस पेड़ से खतरा बढ़ गया है। हालांकि, उन्होंने कई बार नगर परिषद से संबंधित विभाग को इस पेड़ की टहनियों को काटने के लिए अवगत करवाया है लेकिन, समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने जिला प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि सूखे पेड़ की टहनियाें को जल्द काटा जाए। साथ ही उन्होंने मांग की है कि मिंजर मेले से पहले अनारकली रेलिंग और नजदीकी सरकारी भवनों एवं स्थलों को रंगरोगन करके चमकाया जाए। साथ ही चौगान में लगे बेंच भी टूटे हैं, उन्हें भी दुरुस्त किया जाए। बैठक में ईश्वरी प्रसाद, धर्मपाल ठाकुर, मदन शर्मा, दया राम गौतम, चैन लाल शर्मा मौजूद रहे।