चंबा। पर्यटन स्थल डलहौजी में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए डलहौजी में विंटर फेस्टिवल-2025 का 25 से 31 दिसंबर तक आयोजन होगा। फेस्टिवल में जिले की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के तहत कुंजड़ी मल्हार, मुसादा गायन सहित स्थानीय लोक कलाकारों को अधिक से अधिक मंच मिलेगा। इससे चंबा की विरासत को व्यापक पहचान मिल सकेगी।
25 से 30 दिसंबर तक प्रत्येक संध्या में दो से तीन घंटे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत होंगे। वहीं, फेस्टिवल की अंतिम संध्या 31 दिसंबर को सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रात 12 बजे तक होंगी। जिससे नववर्ष का स्वागत उत्सवी माहौल में किया जा सके।
विंटर फेस्टिवल के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को बैठक हुई। उपायुक्त ने कहा कि यह उत्सव डलहौजी में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने में अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसकी सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाना आवश्यक है।
उपायुक्त ने एसडीएम डलहौजी को निर्देश दिए कि सुभाष चौक और गांधी चौक में आयोजन के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं की जाए।
उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा लगाई जाने वाली दुकानें पूरे सप्ताह नियमित रूप से संचालित रहें और स्वयं सहायता समूहों की दुकानें अलग-अलग स्थानों पर सुव्यवस्थित तरीके से लगाईं जाएं। फेस्टिवल में भाग लेने वाले कलाकारों, अधिकारियों, कर्मचारियों और बाहरी क्षेत्रों से आने वाले व्यक्तियों के लिए रहने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। फेस्टिवल में अग्नि से जुड़ी कलाबाजियां न करें, जबकि पर्यावरण हितैषी गतिविधियों को शामिल करना सुनिश्चित बनाएं।
हर दिन होगा हेरिटेज वॉक
फेस्टिवल के दौरान प्रतिदिन सुबह होटल एसोसिएशन के सहयोग से हेरिटेज वॉक आयोजित होगा। इससे पर्यटकों व स्थानीय लोग डलहौजी की प्राचीन विरासत एवं सांस्कृतिक महत्व से रूबरू हो सकें। उन्होंने एसडीएम डलहौजी को यह भी निर्देश दिए कि फेस्टिवल में अतिरिक्त आकर्षक गतिविधियां शामिल की जाएं। इससे कार्यक्रम और भी जीवंत और पर्यटकों के लिए रोचक बन सके।