हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना डलहौजी की टीम ने गंडियार नाला के पास कार्रवाई करते हुए पंजाब के दो युवकों को 14 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 33 वर्षीय गुरप्रीत सिंह, निवासी गांव कोट मुगल, तहसील अजनाला, जिला अमृतसर तथा 34 वर्षीय हरदेव सिंह, निवासी वार्ड नंबर-7, फतेहगढ़ चूड़ियां, तहसील बटाला, जिला गुरदासपुर (पंजाब) के रूप में हुई है।
संदेह के आधार पर ली गई तलाशी
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि एसआईयू की टीम शनिवार शाम नियमित गश्त पर थी। शाम करीब 6:35 बजे गंडियार नाला के पास संदेह के आधार पर दोनों युवकों के बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 14 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
बरामदगी के बाद पुलिस थाना डलहौजी में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले की गहन जांच जारी है।