20 दिन में 75 टीमों ने कराया पंजीकरण, संख्या बढ़ाने के लिए एसडीएम से मांगा सहयोग
आठ खेलों में 15 से 30 वर्ष के युवा दिखा सकेंगे दमखम, 30 तक ऑनलाइन आवेदन का मौका
संवाद न्यूज एजेंसी
डलहौजी (चंबा)। खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान 2026 के लिए डलहौजी उपमंडल में खिलाड़ियों का पंजीकरण धीमी गति से चल रहा है। 20 नवंबर तक केवल 75 टीमों ने आवेदन किया है।
जिले के उपमंडलों में यह दूसरा सबसे कम आंकड़ा है। कम भागीदारी को देखते हुए जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी ने एसडीएम डलहौजी को पत्र लिखकर अभियान के प्रचार-प्रसार में सहयोग मांगा है।
युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से प्रस्तावित यह प्रतियोगिता दिसंबर 2026 में धर्मशाला में आयोजित होनी है। इसमें क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, कुश्ती, रस्साकशी और हॉकी सहित आठ खेल स्पर्धाएं होंगी। इनमें 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवा हिस्सा ले सकेंगे। इच्छुक खिलाड़ी 30 नवंबर तक विभाग की वेबसाइट Khelohimachal.hp.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं।
प्रतियोगिताएं उपमंडल, जिला और राज्य स्तर पर आयोजित होंगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। उधर, जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी रूपेश कुमार ने बताया कि डलहौजी में पंजीकरण बढ़ाने के लिए एसडीएम को पत्र भेजा गया है। स्थानीय युवा संगठनों, खेल संघों, शिक्षण संस्थानों और ग्राम पंचायतों से भी संपर्क किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं तक पंजीकरण लिंक पहुंचाया जा सके। उन्होंने युवाओं से समय रहते आवेदन कर प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।