डलहौजी (चंबा)। नगर परिषद डलहौजी के चुनाव को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। डलहौजी के नौ वार्डों में 3150 मतदाता 21 उम्मीदवारों का भाग्य तय करेंगे। वार्ड दो लोहाली से चार उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इससे स्थिति रोचक बनी हुई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि वोट बंटने से यहां सीधा फायदा एक उम्मीदवार को मिल सकता है। वार्ड नौ डलहौजी क्लब (बस अड्डा) से तीन उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। यहां सीधा मुकाबला दो उम्मीदवारों के बीच है। बाकी सभी सात वार्डों में दो-दो उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला है। पूर्व में 15 वर्ष तक नगर परिषद अध्यक्ष रहे मनोज चड्ढा और डलहौजी के वर्तमान में विधायक डीएस ठाकुर खेमे में सीधा मुकाबला है। अब फिर से वायदों के पिटारे खुलने लगे हैं लेकिन, अगर पिछले पांच वर्षों की बात करें तो पर्यटन नगरी डलहौजी विकास में लगातार पिछड़ती जा रही है। डलहौजी में पार्किंग बनाए जाने के वादे भी हवा हवाई सिद्ध हुए। सड़कों की हालत खराब है। डलहौजी की शान माने जाने वाले मॉल रोड जिसे ठंडी सड़क भी कहा जाता है, इस सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं। स्ट्रीट लाइटें नहीं हैं। बिल न अदा करने की वजह से स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन तक कटने से खूब फजीहत हुई थी। हाउस टैक्स की बढ़ोतरी से भी स्थानीय लोगों में काफी रोष था। पर्यटन नगरी में कई मुख्य स्थानों पर शौचालय तक नहीं हैं। इससे पर्यटकों को परेशानी होती है। पेट्रोल पंप खोलने के वादे भी धरातल पर नजर उतरे। अब सभी की निगाहें 17 मार्च को मतदान और उसके नतीजों पर टिकी हैं। चुनाव लड़ रहे सभी उम्मीदवारों ने घर-घर जा कर प्रचार करना शुरू कर दिया है।