डलहौजी (चंबा)। पर्यटन स्थल डलहौजी में भारी बारिश के बाद होने वाले नुकसान को लेकर अब तक नगर परिषद डलहौजी बैठक करवा पाने में सफल नहीं हो पाई है। ऐसे में नप डलहौजी बारिश से हुए नुकसान का आकलन तक भी तैयार कर पाई है। नप के विभिन्न वार्डों में हुए नुकसान को लेकर बैठक का आयोजन किया जाना था। अब यह बैठक डलहौजी के उपमंडलाधिकारी के माध्यम से उनके कार्यालय में होने जा रही है। डलहौजी नगर परिषद में बैठक न होने के पीछे कोरम पूरा न होना मुख्य वजह माना जा रहा है। सूत्रों की मानें तो नियमों के अनुसार नगर परिषद की ओर से अपनी बैठक में सभी पार्षदों से उनके वार्डों में बारिश से हुए नुकसान की जानकारी ली जाती है और उसकी रिपोर्ट तैयार करके सरकार को भेजी जाती है।
गौरतलब है कि डलहौजी नगर परिषद की पिछली बैठक अप्रैल में हुई थी और उसके बाद एक बैठक को अचानक रद्द कर दिया गया। डलहौजी के विभिन्न वार्डों में डंगे गिरने से नुकसान हुआ है। उस बाबत नगर परिषद को तुरंत बैठक करनी चाहिए। अब प्रशासन ने तीन अगस्त को दोपहर बाद डलहौजी में बारिश से हुए नुकसान के आकलन को लेकर सभी पार्षदों के साथ एसडीएम कार्यालय में बैठक रखी है। सूत्रों के अनुसार भाजपा समर्थित डलहौजी नगर परिषद में भाजपा के ही कई पार्षद नाराज चल रहे है। ऐसे में बैठक को लेकर कोरम पूरा न होने के कयास लगाए जा रहे हैं। एसडीएम अनिल भारद्वाज का कहना है कि चंबा में हुई बैठक में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया के निर्देशों के अनुसार डलहौजी में बारिश से नुकसान के आकलन को लेकर नगर परिषद के अध्यक्ष एवं सभी पार्षदों के साथ बैठक रखी गई है।
नप डलहौजी की कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने बताया कि विस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में उन्हाेंने सभी उपमंडलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बैठक करने के निर्देश जारी किए हैं।