चंबा। पर्यटन नगरी डलहौजी में देश विदेश से आने वाले सैलानियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को वाहन पार्क करने के लिए परेशानियों से दो-चार नहीं होना पड़ेगा। इसके लिए डलहौजी की तीन जगहों पर मल्टी स्टोरी पार्किंग का निर्माण करवाने की योजना हैं।
इंफ्रास्टक्चर डेवलपमेंट फॉर टूरिज्म के तहत इसके लिए 40 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई। इतना ही नहीं, स्वीकृत की राशि से पर्यटन नगरी डलहौजी की सड़कों और शहर के सौंदर्यीकरण संबंधी विकासात्मक कार्यों पर ये राशि खर्च की जाएगी।
पर्यटन नगरी के सौंदर्यीकरण, सड़कों को चकाचक करने और टूरिस्ट स्पॉट को विकसित करने के लिए नगर परिषद डलहौजी ने प्रस्ताव तैयार करवाया है। इसके अलावा डलहौजी में साल दर साल होने वाली पर्यटकों की आमद को देखते हुए सड़क किनारे पार्क किए जाने वाले वाहनों के चलते पर्यटकों और स्थानीय लोगों को वाहन पार्क करने संबंधी दिक्कतें पेश आती रहती है। इसको देखते हुए यहां तीन जगहों पर मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाने की योजना है।
यहां बनेंगी बहुमंजिला पार्किंग
योजना के तहत विद्युत बोर्ड कार्यालय के समीप, नगर परिषद डलहौजी के गेस्ट हाउस के पास और मणिमहेश होटल के समीप मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माण करने की योजना हैं। डलहौजी में मल्टी स्टोरी पार्किंग का निर्माण होने से रोड साइट वाहन पार्क करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके अलावा डलहौजी स्थित ठंडी और गरम सड़कों को भी चकाचक करवाया जाएगा।
सड़कों को चकाचक करवाने के बाद यहां पर इस प्रकार की व्यवस्था करवाई जाएगी कि डलहौजीवासी और पर्यटक शाम के समय यहां पर चहलकदमी कर सकें। इसके अलावा पंजपुला सहित अन्य पर्यटक स्थलों को अधिक विकसित करवाया जाएगा। जिससे पर्यटकों की आमद डलहौजी में पहले की अपेक्षा और बढ़ सके। इसके लिए अब प्रदेश सरकार ने पर्यटन नगरी डलहौजी में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण करवाने के लिए 40 करोड़ की कार्ययोजना को मंजूरी प्रदान की है।
नगर परिषद डलहौजी के अध्यक्ष मनोज चड्ढा ने बताया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पर्यटन नगरी डलहौजी के बाशिंदों को नववर्ष के आगमन पर विशेष उपहार स्वरूप इंफ्रास्टक्चर डेवलपमेंट फॉर टूरिज्म के तहत डलहौजी में पार्किंग, सड़के और डलहौजी के सौंदर्यीकरण के लिए 40 करोड़ की राशी स्वीकृत की है। इसके लिए डलहौजी अध्यक्ष, उपप्रधान प्रवीन कुमार, पार्षद हरप्रीत सिंह, रीना जरयाल, वंदना चड्ढा, आशा देवी, निर्मला और तिलक ने मुख्यमंत्री का आभार जताया है।