डलहौजी (चंबा)। कोरोना संक्रमण के बढ़ रहे खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सिविल अस्पताल डलहौजी में डेडिकेटेड कोविड केयर सेंटर शुरू कर दिया है। पिछले साल भी यहां पर यह सेंटर चलाया गया था लेकिन कोरोना संक्रमण से राहत मिलने के बाद कुछ माह पहले यहां पर सेंटर को बंद कर सिविल अस्पताल की सुविधाएं सुचारु कर दी गई थीं।
अब जिले में कोरोना संक्रमण के केस एक बार फिर से तेजी से बढ़ रहे हैं। सोमवार को डलहौजी क्षेत्र से संबंधित एक महिला की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। अब डलहौजी क्षेत्र में जो भी कोरोना संक्रमण से ग्रसित मरीज पाया जाता है, उसे डेडिकेटेड कोविड केयर सेंटर में रखा जाएगा, जहां पर उनके उपचार के लिए चिकित्सीय स्टाफ की ड्यूटी भी लगा दी गई है।
इस सेंटर में कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए पचास बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। नॉर्मल लक्षणों वाले मरीजों को इस कोविड केयर सेंटर में रखा जाएगा। हालत गंभीर होने पर मरीज को जिला कोविड अस्पताल में रेफर किया जाएगा। एसएमओ डॉक्टर विपिन ठाकुर ने बताया कि सिविल अस्पताल डलहौजी को डेडिकेटेड कोविड केयर सेंटर बनाया गया है।
यहां पचास बिस्तरों की व्यवस्था की गई है।
डलहौजी में कोरोना संक्रमण से मरने वाली महिला के संपर्क में आए 74 लोगों के सैंपल स्वास्थ्य विभाग ने एकत्रित किए हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पीसीआर लैब में भेजा है।