चनेड़ (चंबा)। राजकीय सीएंडवी अध्यापक संघ चंबा के पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि अध्यापकों को 20 वर्ष की नियमित सेवा के बाद मिलने वाली दो विशेष वेतन वृद्धियों को यथावत जारी रखा जाए। इस मांग को लेकर पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से चनेड़ में मिला।
प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई जिला अध्यक्ष एवं राज्य चेयरमैन संजय वर्मा ने की। उन्होंने बताया कि सीएंडवी अध्यापकों को 20 वर्ष की नियमित सेवा पर दो विशेष वेतन वृद्धियां मिलती थीं, जिसे विभाग ने एक पत्र निकालकर न सिर्फ बंद कर दिया है बल्कि रिकवरी के आदेश भी दिए हैं।
उन्होंने बताया कि इसे तुरंत प्रभाव से निरस्त किया जाना चाहिए। शिक्षा मंत्री ने भी पदाधिकारियों को आश्वासन दिया है कि इस बारे में जल्द ही उचित पहल की जाएगी। इस मौके पर जिला महासचिव सुनील सूर्यवंशी, कोषाध्यक्ष राकेश शास्त्री, उपाध्यक्ष संजीव शर्मा, सह संयोजक नरेंद्र शास्त्री और सचिव किशन कुमार आदि मौजूद रहे।