चंबा। शहर में सोमवार को कोरोना नियमों की खूब धज्जियां उड़ी। मुख्य बाजार की गलियों में जहां लोगों का हुजूम उमड़ा तो वहीं, दूसरी तरफ डाकघर चंबा में लोगों ने दो गज दूरी के नियम की अनदेखी की। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस जवान मुस्तैद रहे। इस दौरान डीएसपी अजय कुमार ने भी शहर में निरीक्षण किया और लोगों को कोरोना गाइडलाइन की अनुपालना करने के बारे में जागरूक किया। इसके अलावा शहर के मुख्य चौक में सेवाएं दे रहे पुलिस कर्मियों को भी निर्देश दिए कि चौपहिया वाहनों को आपात स्थिति में ही शहर में प्रवेश करने दिया जाए।
गौरतलब है कि शहर में चौपहिया वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। जबकि, दोपहिया वाहन चालकों को ही एंट्री दी जा रही है। जिले में करीब एक सप्ताह से कोरोना के सक्रिय मामले कम हुए हैं। जबकि, स्वस्थ होने वाले लोगों का आंकड़ा सक्रिय केसों से ज्यादा है। वहीं, शहर में लोग कोविड नियमों का अब पालन करते नजर नहीं आ रहे, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। डीएसपी अजय कुमार ने बताया कि शहर में व्यवस्था जांची गई। कहा कि पुलिस कर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि कोरोना नियमों की अनुपालना सुनिश्चित बनाएं।
वाहनों की लग गई लंबी कतार
सोमवार को शहर में कोरोना नियम टूटते दिखे। शहर मुख्य चौक पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। ऐसे में देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे पैदल आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जिला मुख्यालय में सप्ताह के पहले दिन लोग बैंकों, सरकारी कार्यालयों, राजस्व सहित अन्य कार्यों के लिए कार्यालयों में पहुंचे। ऐसे में अब एक बार फिर से सरकारी कार्यालयों में लोगों की आमद बढ़ना कोरोना संक्रमण को न्योता देता दिख रही है।