चंबा में मिंजर मेले के अंतिम दिन खरीदारी करते लोग।संवाद
मिंजर मेले के समापन के बाद व्यापार ने पकड़ी रफ्तार
सुबह से दोपहर तक जारी रहा खरीदारी का दौर
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के समापन के बाद रविवार को खरीदारी के अंतिम दिन चंबा के चौगानों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही चौगान में खरीदारी के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था।
दोपहर तक चौगान में लोगों की आवाजाही लगातार बनी रही। मेले के दौरान कारोबार की रफ्तार धीमी रहने के बाद अंतिम दिन दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे। चौगान में लगी विभिन्न दुकानों पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। कपड़े, जूते, घरेलू सामान, सजावटी वस्तुओं और अन्य उत्पादों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली। बच्चों ने भी खिलौनों और मनोरंजन से जुड़ीं वस्तुओं की खरीदारी की। अंतिम दिन दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए सामान पर छूट और विशेष ऑफर भी दिए। मिंजर मेले के दौरान बारिश और मौसम खराब रहने के कारण कई दिनों तक कारोबार प्रभावित रहा था। ऐसे में दुकानदारों को अंतिम दिन अच्छी बिक्री की उम्मीद थी। रविवार को उमड़ी भीड़ से कारोबारियों को कुछ राहत मिली। बाहरी राज्यों और जिलों से आए कई व्यापारी भी अंतिम दिन तक चौगान में डटे रहे और सामान समेटने से पहले अधिक से अधिक बिक्री करने में जुटे रहे।