खज्जियार (चंबा)। वीकेंड पर पर्यटन नगरी खज्जियार में पर्यटकों की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ी। पिछले कई दिनों से पसरे सन्नाटे के बाद शनिवार और रविवार को खज्जियार की वादियां पर्यटकों से गुलजार नजर आईं।
सुबह से ही देश के विभिन्न हिस्सों से पर्यटकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जिससे पर्यटन स्थलों पर रौनक लौट आई।
खज्जियार पहुंचे पर्यटकों ने हरे-भरे मैदान और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के साथ मनोरंजक गतिविधियों में भी खूब मस्ती की। पर्यटकों ने घुड़सवारी का लुत्फ उठाया जबकि बच्चों और युवाओं में रोलिंग बॉल को लेकर खासा उत्साह दिखा। कई पर्यटकों ने इन यादगार पलों को कैमरों में भी कैद किया।
पर्यटकों की बढ़ी आवाजाही से स्थानीय होटल कारोबारियों, दुकानदारों और पर्यटन गतिविधियों से जुड़े लोगों के चेहरे भी खिल उठे। कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होगा, जिससे पर्यटन कारोबार को गति मिलेगी। संवाद