चंबा में दीपावली को लेकर दीऐ की खरीदारी करते लोग। संवाद
चंबा। दीपावली पर्व की खरीदारी को लेकर बुधवार को शहर में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। सुबह दस बजे से ही खरीदारी शुरू हो गई। यह देर शाम तक जारी रही। ग्रामीण इलाकों से पहुंचे लोगों ने दोपहर तक जमकर खरीदारी की।
लोगों ने रंग-बिरंगी लड़ियों के साथ दीयों की भी खूब खरीदारी की। मिठाई और पटाखा विक्रेताओं की दुकानों में भी भीड़ रही।
वहीं, प्रशासन की ओर से इस बार पटाखा मार्केट पुलिस लाइन बारगाह के समीप खाली जगह पर लगाई गई है। यहां भी दिन भर काफी संख्या में लोग पटाखे खरीदते दिखे। लोगों ने तरह-तरह के पटाखों की खरीद की। जानकारी के अनुसार रिहायशी क्षेत्र से दूर प्रशासन ने पटाखा मार्केट लगाई है, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। प्रशासन ने इस बार शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए एक ही पटाखा मार्केट निर्धारित की है, जिससे एक ही जगह लोगों को पटाखे उपलब्ध हो सकें। करीब बीस दुकानें पुलिस लाइन के समीप खाली जगह में लगाई गई हैं। यहां सुरक्षा के तमाम प्रबंधन किए गए हैं। गौरतलब है कि पहले गली-मोहल्लों में भी लोग पटाखा बेचते थे, इस बार एक ही स्थान निर्धारित किया है। उधर, एसडीएम चंबा प्रियांशु खाती ने बताया कि पुलिस लाइन बारगाह के समीप खाली जगह पर इस बार पटाखा मार्केट लगाई गई है। वीरवार को भी यहां पटाखा मार्केट रहेगी।