चंबा। मिंजर मेले के लिए चौगान में सजे बाजार में रविवार को भारी भीड़ उमड़ी। मौसम खुलने के बाद लोग मिंजर मेले में सजे बाजार का रुख करने लगे हैं। दो दिन तक भारी बारिश के कारण मेले में सन्नाटा पसरा था। हालांकि शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान भीड़ देखने को मिल रही थी। अब मौसम खुल गया है तो कारोबार के रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है। जानकारी के अनुसार रविवार को मेले का अधिकारिक तौर पर समापन हो गया। अब लोग खरीदारी करने जुटेंगे। मेले में प्रमुख मार्केट चौगान नंबर एक में रहती है। जहां अस्थायी डोम में करीब 200 से अधिक स्टॉल लगे हैं, जबकि, अन्य चौगानों में भी मार्केट सजती है। एसडीएम चंबा प्रियांशु खाती का कहना है कि मेले का रविवार को अधिकारिक रूप से समापन हो गया। इसके बाद कारोबारियों को कारोबार के लिए एक सप्ताह का समय दिया जाएगा। इसके बाद सभी चौगान खाली करवाए जाएंगे।