सलूणी (चंबा)। ग्राम पंचायत लनोट के बिरवाड़ी गांव में हरदेई पत्नी लख्मी राम की गोशाला भारी बारिश के दौरान ढह गई। गनीमत यह रही कि सभी मवेशी जिंदा बच गए। उप प्रधान अशोक कुमार ने रविवार को गोशाला का निरीक्षण किया और नुकसान के बारे में उन्होंने प्रशासन को अवगत करवाया। साथ ही मांग की है कि प्रभावित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि दोबारा गोशाला का निर्माण किया जा सके। अन्यथा उन्हें बिना छत वाली गोशाला में ही मवेशियों को रखना पड़ेगा।