सलूणी (चंबा)। सलूणी तहसील के तहत आते किसानों को इस बार प्रधानमंत्री सम्मान निधि से वंचित रहना पड़ सकता है। करीब 1006 किसानों के आधार कार्ड नंबर बैंक खातों से नहीं जुड़ पाए हैं। ऐसे में जिला राजस्व अधिकारी ने इन लाभार्थियों को बिना विलंब आधार लिंक करवाने के आदेश जारी किए हैं।
जानकारी के मुताबिक तहसील सलूणी के करीब 1006 किसान ऐसे हैं जिनका पीएम सम्मान निधि योजना के तहत जुड़े खाते से आधार नंबर लिंक नहीं है। इस वजह से इन किसानों को राशि की अदायगी नहीं हो पा रही है। अगर किसान जल्द आदेशों की पालना नहीं करते हैं तो उन्हें भविष्य में इस राशि से वंचित रहना पड़ सकता है। जिला राजस्व अधिकारी ने यह भी अपील की है कि पंचायत प्रतिनिधि और अन्य समाज सेवी इस कार्य के लिए किसानों की मदद करें।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना का कार्यान्वयन किया गया है। योजना के तहत किसानों को दो हजार रुपये की राशि दी जा रही है लेकिन कुछ किसानों के खातें से आधार नंबर लिंक न होने से उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जिला राजस्व अधिकारी जगदीश शर्मा ने किसानों को आधार कार्ड नंबर लिंक करवाने के लिए कहा है।