क्षेत्रीय अस्पताल चंबा में रेडियोलॉजिस्ट के न होने से मरीजों के अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन नहीं हो पा रहे हैं। मरीजों को ज्यादा पैसे खर्च करके निजी लैब में टेस्ट करवाने पड़ रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। अस्पताल में तैनात रेडियोलॉजिस्ट इसी माह सेवानिवृत्त हो रहा है। अस्पताल में पिछले एक महीने से अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन नहीं हो पा रहे हैं। जिला में कहीं पर भी कोई दुर्घटना होती है तो इलाज के लिए चंबा अस्पातल ही लाया जाता है। परंतु अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट न होने से घायलों का सीटी स्कैन नहीं हो पा रहा है। ऐसे में सीटी स्कैन निजी लैबों में करवाना पड़ता है। जानकारी के अनुसार निजी लैबों में सीटी स्कैन 2500 रुपये से लेकर 4000 रुपये में होता है। जबकि अस्पताल में सीटी स्कैन मात्र 800 रुपये में होता है। निजी लैबों में अल्ट्रासाउंड 600 रुपये में होता है। जबकि अस्पताल में 170 रुपये में ही अल्ट्रासाउंड हो जाता है। चंबा अस्प्ताल में रेडियोलॉजिस्ट नहीं होने से मरीजों को परेशानी के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
उच्च अधिकारियों को दे दी है जानकारी : डॉ. विशाल
चंबा अस्पताल के एमएस डॉ. विशाल महाजन ने बताया कि अस्पताल में तैनात रेडियोलॉजिस्ट के सेवानिवृत्त होने की वजह से यह समस्या पैदा हुई है। इसके लिए उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। जैसे ही अस्पताल में नए रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति होगी, समस्या का समाधान हो जाएगा।