चंबा के चुवाडी में बस हादसे के बाद चक्का जाम मे बैठे हूए लोगो से बातचीत करते एसडीएम अमित मैहरा
- फोटो : अमर उजाला
चुवाड़ी बस हादसे में छात्र की मौत के बाद हुए बवाल में लोगों की भीड़ शामिल हो गई। हर कोई थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग कर रहा था। लोगों में इस बात पर गुस्सा था कि घटनास्थल से महज कुछ मीटर पर पुलिस चौकी और प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालय होने के बावजूद घटनास्थल तक उन्हें पहुंचने में एक घंटे की देरी हो गई। जबकि किसी नेता के आने पर पुलिस कर्मी सुबह से शाम तक सड़क पर डटे रहते हैं। हंगामा कर रही भीड़ ने आरोप लगाया कि चुवाड़ी में पुलिस का काम सिर्फ चालान काटने तक सीमित है। इसके अलावा कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
समय : सुबह के करीब 8.30 बजे
सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुए इस हादसे के बाद लोगों का सबसे पहला गुस्सा परिवहन निगम की बसों पर ही फूटा। बस स्टैंड में लोगों ने एक-एक करके निगम की सभी बसों के शीशे तोड़ डाले। जब पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तो उन्हें भी खदेड़ दिया गया। डीएसपी जब गाड़ी लेकर भीड़ को रोकने पहुंचे तो उग्र भीड़ ने उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ डाले और गाड़ी को पलट दिया।
समय : दोपहर करीब 1.30 बजे
दोपहर करीब डेढ़ बजे चंबा से उपायुक्त सुदेश मोख्टा और पुलिस अधीक्षक विरेंद्र तोमर भी चुवाड़ी पहुंच गए। उन्होंने दोपहर दो बजे चुवाड़ी चौगान में आंदोलनकारियों को बुलाकर एक बैठक की। इसमें उन्होंने आंदोलन कर रहे लोगों को शांति बरतने की अपील की। करीब एक घंटे तक चली इस बैठक का भी कोई नतीजा नहीं निकला और बैठक खत्म होते ही एक बार फिर लोग सुदली चौक पहुंचकर आंदोलन करने लगे। लोग चुवाड़ी थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग कर रहे थे।
समय : शाम करीब 4.00 बजे
थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग पर पुलिस को झुकना पड़ा और करीब चार बजे थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया। लेकिन इसके बावजूद लोग नहीं माने और उन्होंने चक्का जाम नहीं खोला। देर शाम छह बजे चुवाड़ी पूरी तरह से छावनी में तबदील हो गया और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई।
समय : शाम करीब 7.00 बजे
सुबह करीब दस बजे से शुरू चक्काजाम देर शाम करीब सात बजे खुला। लोग मांग कर रहे थे कि एसडीएम को भी निलंबित या फिर ट्रांसफर किया जाए। डीसी ने लोगों को आश्वासन दिया है कि तीन दिन में मामले की जांच पूरी की जाएगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। उधर, डीसी और एसपी बच्चे के अंतिम संस्कार में भी पहुंचे और शोकाकुल परिवार के साथ संवेदना जताई।