शहर के सुराड़ा वार्ड में बिजली के तार लोगों के लिए जी का जंजाल बन गए हैं। घरों को छूकर गुजर रहे इन तारों से लोग दहशत में हैं। कनेक्शन बढ़ने के साथ तारों का जाल भी बढ़ रहा है और जान का जोखिम भी। इन्हें आपस में जोड़ने के लिए लगाए गए ज्वाइंट खुले ही पड़े हैं।
बारिश या तूफान चलने पर कई बार बिजली स्पार्क होती है। ‘आपकी आवाज’ कार्यक्रम में सुराड़ा वासियों ने सोमवार को खुलकर बिजली बोर्ड के समक्ष अपनी समस्याए उठाते हुए इसके समाधान की गुजारिश की। लोग समस्या से इतने त्रस्त परेशान हैं कि एक समय बिजली बोर्ड के एसडीओ से नोकझोंक तक की नौबत आ गई।
हालांकि, बाद में एसडीओ ने मामला संभाल लिया। जान का जोखिम बन रहे बिजली के तारों के अलावा सीवरेज लाइन की दिक्कत भी बड़ा मसला रहा। सुराड़ा के 15 परिवारों के पास सीवरेज कनेक्शन नहीं हैं। वार्ड पार्षद पुरु मनेंद्र सिंह की मानें तो करीब 13 सालों से ये परिवार सीवरेज के कनेक्शन की मांग कर रहे हैं।
दर्जनों मर्तबा आला अधिकारियों से पत्राचार तक कर चुके हैं। लेकिन इनकी समस्या का समाधान आज दिन तक नहीं हुआ है। नगर परिषद और सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग परिवारों को सीवरेज के कनेक्शन मुहैया नहीं करवा पा रहा है।
वार्ड की मुख्य समस्याएं
जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद 15 परिवारों को नहीं मिल पा रहे सीवरेज कनेक्शन
सीवरेज की नालियों से जोड़े गए पानी के कनेक्शन, हमेशा रहता है बीमारी फैलने का खतरा
वार्ड में घरों के बाहर लटक रही हैं बिजली की तारें, हादसे के खतरे से डर रहे लोग
शहर में हाइड्रेंट प्रणाली दुरुस्त नहीं, आग लगने पर नहीं मिल पाएगी समय पर मदद
सीवेज के मेन हॉल में फ्लश की व्यवस्था नहीं, मेन हॉल में गंदगी फंसने से हो रही परेशानी
स्कूल की छुट्टी के समय दोपहिया वाहनों पर घूमते नाबालिगों को रोकने व पेट्रोलिंग की मांग
बाईपास मार्ग पर स्ट्रीट लाइट नहीं होने से अंधेरा, आवाजाही में हो रही भारी परेशानी
बस स्टैंड से चामुंडा माता मंदिर मुख्य मार्ग पर गाड़ियां पार्क होने से आवाजाही में दिक्कत
क्या कहते हैं मौके पर गए अधिकारी
बोर्ड अपने स्तर पर पार्षद के साथ वार्ड का मुआयना करेगा। जहां तारें ठीक करने की जरूरत होगी, वहां ठीक कर दी जाएंगी। बिजली के कनेक्शन ज्यादा होने की वजह से तारों का जंजाल बना है। बिजली बोर्ड इन तारों को अलग करने की योजना बना रहा है। हालांकि, इसके लिए वार्ड के लोगों के सहयोग की जरूरत है। लोग अपनी जमीन दें तो बोर्ड तारों को रिहायश से दूर कर सकता है।
पवन शर्मा, एसडीओ, बिजली बोर्ड
सुराड़ा वार्ड में 15 परिवारों के पास सीवरेज कनेक्शन नहीं हैं जबकि उन्होंने सारी औपचारिकताएं पूरी कर रखी हैं। आईपीएच विभाग और नगर परिषद को स्पष्ट करना होगा कि आखिर इन्हें कनेक्शन क्यों नहीं मिल पा रहे हैं। जब सीवेज प्लांट लगा था तो इन परिवारों को इससे क्यों नहीं जोड़ा गया। संपूर्ण स्वच्छता का मुद्दा राष्ट्र स्तर पर उठ रहा है और शहर में सीवरेज प्रणाली के लिए लोग मोहताज हैं। बिजली की तारों को भी दुरुस्त किया जाना चाहिए।
पुरु मनेंद्र सिंह, वार्ड पार्षद, सुराड़ा
नाबालिगों को दोपहिया वाहन किसी भी कीमत पर न दें। यह परिवार वालों को ध्यान में रखना होगा। नाबालिग वाहन चलाते पकड़े गए तो उन्हें एक हजार रुपये जुर्माना किया जाएगा और परिजनों को भी इसका दंड भुगतना पड़ सकता है। स्कूल टाइमिंग में पुलिस निगरानी बढ़ाएगी और दोपहिया चालकों पर कार्रवाई होगी।
हरबंस लाल, एएसआई
सुराड़ा में हाइड्रेंट प्रणाली ठप हो चुकी है। वार्डवासियों को इसके लिए प्रशासन और आइपीएच से शिकायत करनी चाहिए। कुछ हाइडेंट जमीन में दब गए हैं तो कुछ पर इमारतें खड़ी हो गई हैं। यदि कभी हाइड्रेंट को चालू करने की जरूरत पड़ी तो इसका इस्तेमाल नहीं हो पाएगा।
पवन राणा, अग्निशमन विभाग