पवित्र मणिमहेश डल झील से लगभग डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। इस शव को होली कलाह मार्ग से मणिमहेश पहुंचे किसी व्यक्ति ने देखा। जिसके बाद उसने इसकी सूचना पुलिस थाना भरमौर को दी है।
लिहाजा सूचना पाकर भरमौर पुलिस और पर्वतारोहण विभाग का संयुक्त दल मणिमहेश डल झील की ओर रवाना हो गया है। इस मामले के सामने आने के बाद सभी सकते में है कि डल झील के इतनी समीप एक व्यक्ति के प्राण निकल गए। लेकिन इसका किसी को पता तक नहीं चला।
बहरहाल अज्ञात व्यक्ति के मौत के कारण चाहे जो भी रहे होंगे। लेकिन पुलिस द्वारा करवाए जाने वाले पोस्टमार्टम में मृतक की मौत की वजह और समय का पता चल ही जाएगा। उधर इसी संदर्भ में हाल ही में कुछ दिन पहले चुवाड़ी क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया था कि उसका पति मणिमहेश डल झील से शाही स्नान वाले दिन से लापता है।
इसके चलते प्रथम दृष्टि से पुलिस इस शव का मिलना चुवाड़ी निवासी व्यक्ति की गुमशुदगी का अंत मान रही है। परंतु फिर भी मंगलवार दोपहर तक शव भरमौर पहुंचने के बाद ही उसकी पहचान होनी संभव हो पाएगी।
डीएसपी चंबा वीर बहादुर ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस और पर्वतारोही घटना स्थल की ओर रवाना हो गए हैं। शव को लाने में मंगलवार तक का समय लग जाएगा।