पांगी में रविवार को एक बोलेरो कैंपर गाड़ी चंद्रभागा नदी में गिर गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। एक गंभीर घायल को कुल्लू अस्पताल के लिए रेफर किया गया है जबकि दूसरे घायल को किलाड़ अस्पताल में भर्ती किया गया है। गाड़ी में चालक समेत दो ही लोग सवार थे।
जानकारी अनुसार रविवार दोपहर करीब साढ़े ग्यारह बजे सोहन लाल निवासी रेई अपनी गाड़ी में किलाड़ जा रहा था। गाड़ी को नरेश कुमार निवासी रेई चला रहा था। बंबर के पास पहुंचने पर गाड़ी चालक नरेश कुमार ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी चंद्रभागा नदी में गिर गई।
दोनों सवार गाड़ी से छिटक कर खाई में गिर गए। इससे दोनों गंभीर घायल हो गए हैं। अगर दोनों गाड़ी के साथ चंद्रभागा नदी में गिर जाते तो जान भी जा सकती थी। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम पांगी और पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को खाई से निकाला और किलाड़ अस्पताल पहुंचाया। सोहन लाल की हालत को देखते हुए उसे कुल्लू अस्पताल रेफर कर दिया है जबकि नरेश कुमार का इलाज किलाड़ अस्पताल में चल रहा है।
एसपी वीरेंद्र तोमर ने बताया कि पांगी में चंद्रभागा नदी में एक बलेरो कैंपर गाड़ी गिरने से दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। एसडीएम पांगी डॉ. सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि बंबर के पास हुए गाड़ी दुर्घटना के दोनों घायलों को प्रशासन की ओर से पांच-पांच हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। इसके अलावा भी प्रशासन की ओर से घायलों को हर संभव मदद दी जाएगी।