तीसा थाना पुलिस ने एक पिकअप चालक को बीस बोरी सरकारी चावल के साथ पकड़ा है। चावल के बारे में पिकअप चालक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। लिहाजा पुलिस ने धारा 3 व 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत पिकअप चालक पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के हाथ यह पिकअप चालक उस समय चढ़ा जब पुलिस रात के समय गुवाड़ी में गश्त पर थी।
इस दौरान एक दुकान के साथ खड़ी पिकअप नंबर एचपी-73-2709 को चेक किया तो उसमें रखी बीस बोरियां सरकारी चावल पाई गई। पूछताछ में पिकअप चालक इस दिशा में कोई जानकारी नहीं दे पाया। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि यह चावल यहीं की किसी सहकारी दुकान से निकले हैं और अवैध रूप से इनकी कालाबाजारी की जा रही है।
लिहाजा पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है। चावल की खेप बरामद होने के बाद अब पुलिस इससे जुड़े तार की तलाश में है। चावल की बोरियां कहां से उठाई गई और इन्हें कहां पहुंचाया जाना था यह सवाल फिलहाल पुलिस के लिए रहस्य बने हुए हैं।
डीएसपी चंबा हेडक्वार्टर वीर बहादुर ने बताया कि इस मामले की जांच पूरी गहनता से की जाएगी। ताकि सरकारी खाद्य पदार्थों की कालाबाजारी करने वालों का पर्दाफाश हो सके।